भारत

Term Path Alias

/regions/india

मंगल पड़े तो भू चलै
Posted on 20 Mar, 2010 12:30 PM
मंगल पड़े तो भू चलै, बुध को पड़े अकाल।
जो तिथि होय सनीचरी, निहचै पड़ै अकाल।।


भावार्थ- यदि फाल्गुन मास का अन्तिम दिन मंगलवार को पड़े तो भूकंप आयेगा और यदि बुधवार और शनिवार को पड़े तो निश्चय ही अकाल पड़ेगा।

माघ में गरमी जेठ में जाड़
Posted on 20 Mar, 2010 12:25 PM
माघ में गरमी जेठ में जाड़।
कहै घाघ हम होब उजाड़।।


भावार्थ- यदि माघ महीने में गर्मी पड़े और ज्येष्ठ में ठंड लगे तो घाघ कहते हैं कि निश्चित ही किसान उजड़ जायेंगे अर्थात सूखा पड़ने वाला है।

मृगसिर वायु न बादला
Posted on 20 Mar, 2010 12:15 PM
मृगसिर वायु न बादला, रोहिनि तपै न जेठ।
अद्रा जो बरसै नहीं, कौन सहै अलसेठ।।


शब्दार्थ- अलसेठ-झंझट।

भावार्थ- यदि मृगशिरा नक्षत्र में हवा चले और न ही बादल हों, ज्येष्ठ में गर्मी न पड़े और नहीं आर्द्रा में वर्षा हो तो खेती के झंझट में न पड़ों क्योंकि मौसम ठीक नहीं हैं। अर्थात् सूखा पड़ने वाला है।

मृगसिर वायु न बाजिया
Posted on 20 Mar, 2010 12:07 PM
मृगसिर वायु न बाजिया, रोहिनि तपै न जेठ।
गोरी बीनै काँकरा, खड़ी खेजड़ी हेठ।।


शब्दार्थ- खेजड़ी- एक प्रकार का वृक्ष। हेठ-नीचे।

भावार्थ- मृगशिरा नक्षत्र में यदि हवा न चले और ज्येष्ठ महीने में रोहिणी नक्षत्र न तपे तो निश्चय ही अकाल पड़ेगा और किसान की स्त्री खेजड़ी वृक्ष के नीचे कंकड़ चुनेगी।

मंगलवारी मावसी
Posted on 20 Mar, 2010 12:01 PM
मंगलवारी मावसी, फागुन चैती जोय।
पशु बेंचो कन संग्रहो, अवसि दुकाली होय।।


शब्दार्थ- मावसी-अमावस्या। कन-अनाज। अवसि-अवश्य। दुकाली- अकाल।

भावार्थ- यदि फागुन और चैत्र की अमावस्या को मंगल पड़े तो समझ लेना चाहिए कि अकाल पड़ने वाला है इसलिए पशुओं को बेचकर अन्न एकत्र करना शुरु कर दो।

माघ सुदी तो सत्तमी सोमवार दीसन्त
Posted on 20 Mar, 2010 11:53 AM
माघ सुदी तो सत्तमी सोमवार दीसन्त।
काल पड़ै राजा लड़ै, सगरे नरा भ्रमन्त।।


भावार्थ- यदि माघ महीने की शुक्ल पक्ष की सप्तमी को सोमवार पड़े तो निश्चय ही अकाल पड़ेगा, राजा युद्धरत होगा और सारे मनुष्य भटकते फिरेंगे।

माघ उजेरी पंचमी सरसै उत्तम बाय
Posted on 20 Mar, 2010 11:47 AM
माघ उजेरी पंचमी सरसै उत्तम बाय।
तो जानो ये भादवौं बिन कोरौ जाय।।


भावार्थ- यदि माघ शुक्ल पंचमी को अच्छी हवा चले तो भादों में वर्षा के आसार नहीं है अर्थात् भादों सूखा जायेगा।

भोर समै डरडम्बरा
Posted on 20 Mar, 2010 11:38 AM
भोर समै डरडम्बरा, रात उजेरी होय।
दुपहरिया सूरज तपै, दुरभिछ तेऊ जोय।।


शब्दार्थ- डरडम्बरा – आकाश में बादल

भावार्थ- यदि सुबह आसमान में बादल हों और रात्रि में आसमान स्वच्छ हो औऱ दोपहर में सूर्य तपे अर्थात कड़ी धूप हो तो निश्चय ही अकाल पड़ने वाला है।

भादों बदी एकादसी
Posted on 20 Mar, 2010 11:34 AM
भादों बदी एकादसी, जो ना छिटकै मेघ।
चार मास बरसै नहीं, कहै भड्डरी पेख।।


शब्दार्थ- बदी-कृष्ण पक्ष। पेख-देखना।

भावार्थ- भड्डरी का कहना है कि यदि भादों कृष्ण एकादशी को आसमान में बादल न दिखाई दें तो समझ लेना चाहिए कि चार महीने पानी नहीं बरसेगा।

बोली लोखरि फूली काँस
Posted on 20 Mar, 2010 11:28 AM
बोली लोखरि फूली काँस।
अब नाहिंन बरखा कै आस।।


भावार्थ- यदि लोमड़ी बोलने लगे और कांस फूलने लगे तो समझ लेना चाहिए कि अब वर्षा की कोई आशा नहीं है।

×