भारत

Term Path Alias

/regions/india

सावन सुक्ला सत्तमी
Posted on 20 Mar, 2010 02:37 PM
सावन सुक्ला सत्तमी, उभरे निकले भान।
हम जायें पिय माइके, तुम कर लो गुजरान।।


भावार्थ- यदि श्रावण शुक्ल सप्तमी को सूर्य के उदय होने के समय आसमान स्वच्छ हो तो हे प्रियतम! मैं मायके जा रही हूँ और तुम किसी प्रकार अपना गुजारा कर लेना क्योंकि भीषण अकाल पड़ने वाला है।

सावन सुक्ला सत्तमी
Posted on 20 Mar, 2010 01:40 PM
सावन सुक्ला सत्तमी, उवत जो दीखै भान।
या जल मिलि है कूप में, या गंगा असनान।।


भावार्थ- यदि श्रावण शुक्ल सप्तमी को स्वच्छ आकाश में सूर्य उदय होता हुआ दिखाई पड़े तो वर्षा नहीं होगी, निश्चय ही सूखा पड़ेगा। ऐसी स्थिति आ जायेगी कि पानी या कुएँ में दिखेगा या गंगास्नान करने में गंगा में मिलेगा।

सावन सुक्ला सत्तमी
Posted on 20 Mar, 2010 01:32 PM
सावन सुक्ला सत्तमी, चन्दा छिटिक करै।
की जल देखौ कूप में, की कामिनी सीस धरै।।


शब्दार्थ- कूप-कुआँ। कामिनी-स्त्री।

भावार्थ- यदि सावन शुक्ल सप्तमी को चाँदनी फैली हो तो वर्षा नहीं होगी, सूखा पड़ेगा। ऐसे में पानी या तो कुँए मे दिखेगा या फिर स्त्रियों के सिर पर रखे घड़े में।

सावन पुरवाई चलै
Posted on 20 Mar, 2010 01:27 PM
सावन पुरवाई चलै, भादों में पछियाँव।
कन्त डँगरवा बेचि के, लरिका जाइ जियाव।।


शब्दार्थ- कन्त स्वामी। डँगरवा-पशु। लरिका-बच्चा।

भावार्थ- यदि सावन महीने में पुरवा हवा बहे और भाद्र में पछुवा, तो हे स्वामी! पशुओं को बेच दो और बच्चों को पालने की चिन्ता करो क्योंकि वर्षा नहीं होगी और अकाल पड़ेगा।

रात निर्मली दिन को छाँहीं
Posted on 20 Mar, 2010 01:22 PM
रात निर्मली दिन को छाँहीं।
कहैं भड्डरी पानी नाहीं।।


भावार्थ- यदि रात्रि में आसमान स्वच्छ हो और दिन में बादल छाये रहें तो वर्षा नहीं होगी अर्थात् सूखा पड़ने वाला है।

रोहिनि माहीं रोहिनी
Posted on 20 Mar, 2010 01:16 PM
रोहिनि माहीं रोहिनी, एक घड़ी जो दीख।
हाथ में खपरा मेदिनी, घर-घर माँगै भीख।।


शब्दार्थ- खपरा – खप्पर-कटोरा।

भावार्थ- यदि रोहिणी नक्षत्र में एक घड़ी के लिए भी रोहणी रहे तो समझ लेना चाहिए कि भीषण अकाल पड़ने वाला है और लोग हाथ में खप्पर लेकर भीख माँगते फिरेगे।

रात्यो बोलै कागला
Posted on 20 Mar, 2010 01:11 PM
रात्यो बोलै कागला, दिन में बोलै स्याल।
कहै भड्डरी समुझि मन, निहचै परै अकाल।।


शब्दार्थ- कागला-कौआ। स्याल-गीदड़।

भावार्थ- यदि रात में कौआ बोले और दिन और दिन में गीदड़ तो भड्डरी के अनुसार निश्चित रूप से सूखा पड़ने वाला है।

माघे नौमी निरमली
Posted on 20 Mar, 2010 12:50 PM
माघे नौमी निरमली, बादर रेख न जोय।
तौ सरवर भी सूखहीं, महि में जल नहिं होय।।


शब्दार्थ- निरमली-स्वच्छ। महि-धरती।

भावार्थ- यदि माघ माह के शुक्ल पक्ष की नवमी को आकाश बिल्कुल स्वच्छ हो और आकाश में बादल की एक रेख तक न हो तो सारे तालाब सूख जायेंगे, पूरी धरती पर कहीं भी पानी नहीं मिलेगा अर्थात् बिना पानी के पैदावार नहीं होगी।

मंगल रथ आगे चलै
Posted on 20 Mar, 2010 12:41 PM
मंगल रथ आगे चलै, पीछे चले जो सूर।
मन्द वृष्टि तब जानिये, पड़सी सगलै झूर।।


शब्दार्थ- झूर- सूखा।

भावार्थ- मंगल ग्रह आगे और सूर्य उसके पीछे हो तो वर्षा कम होगी और समझो चारो तरफ सूखा पड़ने वाला है।

माघ सुदी पून्यो दिवस
Posted on 20 Mar, 2010 12:35 PM
माघ सुदी पून्यो दिवस, चन्द्र निर्मलो जोय।
पसु बेंचो कन संग्रहों, काल हलाहल होय।।


भावार्थ- यदि माघ शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा को चन्द्रमा स्वच्छ हो अर्थात् बादल न हों तो हे किसान! अपने जानवरों को बेचकर अन्न को इकट्ठा कर लो, क्योंकि भीषण अकाल पड़ने वाला है।

×