यमुना किनारे प्रदेश का पहला ‘इको टूरिज़्म’

‘जिभिया रॉक’ पर केंद्रित परियोजना में भीटा, बीकर और सुजावनदेव मंदिर क्षेत्र शामिल


‘रीवर हेल्थ इंडेक्स’ के तहत पीस चैरिटेबल ट्रस्ट और ग्लोबल ग्रींस ने तैयार किया खाका। पर्यटन, रोज़गार में जनजुड़ाव से रोका जा सकेगा यमुना, संगम क्षेत्र का प्रदूषण।

यमुनापार का भीटा क्षेत्र संभवतः उत्तर प्रदेश का पहला ऐसा पर्यटक स्थल बनेगा, जो ‘इको टूरिज़्म’ पर आधारित होगा। यमुना किनारे भीटा, बीकर और सुजावनदेव मंदिर क्षेत्र में प्रकृति से छेड़छाड़ किए बगैर जल पर्यटन को विकसित करते हुए रोज़गार की संभावनाओं को बढ़ाया जाएगा। नदी किनारे के गाँवों को ‘इको विलेज’ के रूप में विकसित करने से आर्थिक ढांचे को मज़बूती मिलेगी। वहीं इको सिटी बनकर इलाहाबाद भी पर्यटन के ‘इको सर्किट’ से जुड़ सकेगा। यह संपूर्ण योजना उस ‘जिभिया रॉक’ पर केंद्रित है, जिससे टकराकर ही यमुना संगम की ओर मुड़ती है, अन्यथा संगम कहीं और बनता।

युनाइटेड नेशनल डेवलपमेंट प्रोग्राम में ‘रीवर हेल्थ इंडेक्स’ के सर्वेक्षण में पीस चैरिटेबल ट्रस्ट और ग्लोबल ग्रींस की ओर से इसका प्रारूप तैयार किया गया है। जनजागरूकता और जनजुड़ाव से पहले यमुना और फिर संगम क्षेत्र का प्रदूषण रोका जा सकेगा क्योंकि संगम में यमुना का विलय होता है संगम से बीस किलोमीटर दूर बीकर क्षेत्र के ‘जिभिया रॉक’ तक जल पर्यटन के विकास से रोज़गार को बढ़ावा मिलेगा और राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी। ग्लोबल ग्रींस के अध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अध्ययन सहित भारत के संबंधित क्षेत्रों के सर्वेक्षण के बाद यमुना किनारे ‘इको टूरिज़्म’ का खाका तैयार किया गया है। सरकार से बजट मिलते ही इसे अमली जामा पहनाया जाएगा। केंद्र और प्रदेश सरकार के पर्यावरण मंत्रालय सहित पीएम और सीएम को प्रस्ताव भेजे गए हैं। क्षेत्रीय विधायक की ओर से भी समर्थन सहित प्रारूप के लिए प्रबल संस्तुति की गई है।

1. ‘जिभिया रॉक’ पत्थरों की अद्भुत श्रृंखला है। इस स्थल को राम वनगमन से भी जोड़ा जाता है।
2. यहां पर स्थानीय स्तर पर सुईस (डॉल्फिन) भी पाई जाती है सो इसे डॉल्फिन सेंचुरी के रूप में विकसित करने से ग्रामीण रोज़गार में बढ़ोतरी होगी।
3. बीकर से एक किलोमीटर दूर ऐतिहासिक धरोहर बौद्ध क़ालीन अवशेष स्थल भीटा है।
4. स्थानीय आदिवासी कला-संस्कृति के विकास से हर घर को रोज़गार मिलेगा।

Path Alias

/articles/yamaunaa-kainaarae-paradaesa-kaa-pahalaa-ikao-tauuraijama

Post By: Hindi
×