नदी किनारे पर्यावरण बचाने का महाभियान है अरपा अर्पण

अरपा अर्पण अभियान
अरपा अर्पण अभियान

गिरते भूजल के बीच जीवनदायिनी अरपा नदी के आँचल को हरा-भरा करने बिलासपुर में श्याम मोहन दुबे व प्रकाश पाठक जुटे हैं। उन्होंने दो वर्ष पूर्व अरपा नदी के किनारे पौधरोपण करने की योजना बनाई। दोनों युवक वन विभाग गये तो अफसरों ने हाथ खड़े कर दिये। तब दोनों नर्सरी से खुद पौधे खरीदकर लाये और अभियान शुरू किया। उनके इस जुनून का अब असर दिखाई देने लगा है। अाज अरपा नदी के किनारे एक हजार से अधिक पौधे लहलहा रहे हैं। दो युवकों से शुरू हुए ‘अरपा अर्पण महाभियान’ में अब 500 लोग जुड़ गये हैं। पौधों को जीवन देने व अरपा के किनारे हरियाली बिछाने के लिये युवाओं ने कड़े नियम भी बनाए हैं। 20 से 25 युवक प्रतिदिन सुबह व शाम पौधों की रखवाली करते हैं। रविवार सुबह पौधों की सिंचाई भी करते हैं।

भीषण गर्मी व घटते जल-स्तर से चिंतित होकर यह अभियान शहर के श्याम मोहन दुबे और प्रकाश पाठक ने दो साल पहले शुरू किया था। इसकी शुरुआत भी कम रोचक नहीं है। श्याम मोहन बताते हैं कि 23 मई, 2016 को शहर का तापमान 42 डिग्री सेल्यियस से अधिक चला गया। शहर व नदी किनारे के गाँव में जल-स्तर में 25 मीटर की गिरावट दर्ज की गई। दफ्तर में बैठे सोशल मीडिया पर उन्होंने इस खबर को पोस्ट व शेयर किया और हरियाली बिछाने की अपनी योजना भी बताई। पौधरोपण के लिये साथियों का आह्वान भी किया। सोशल मीडिया में उनकी इस अपील का असर प्रकाश पाठक पर पड़ा। उन्होंने इस अभियान से जुड़ने की मंशा जाहिर की। फिर क्या था, एक पोस्ट ने अभियान का रूप ले लिया। दूसरे दिन श्याम मोहन और प्रकाश मिले। उसी दिन वन विभाग के दफ्तर गये और अपनी योजना बताते हुए पौधों की माँग की।

अफसरों ने साफ कह दिया ट्री गार्ड होगा तभी पौधे देंगे। इसके अलावा सिंचाई के साधन के बारे में पूछा। फिर जवाब की प्रतीक्षा किये बिना पौधे देने से इनकार कर दिया गया। दोनों ने हार नहीं मानी। अपने पैसों से दोनों पाली स्थित वन विभाग की नर्सरी से 50 पौधे खरीदकर लाये। इससे पहले अरपा नदी के किनारे पौधरोपण करने के लिये गड्ढे की खुदाई करवाई। फिर दोनों ने पौधे लगाने शुरू किये। उनके जुनून को देखते हुए परिजन भी साथ आ गये। दो युवाओं से शुरू हुए महाभियान का विस्तार हो रहा है। उनकी टीम में अब 500 सदस्य हैं। अरपा के किनारे 10 किलोमीटर के क्षेत्र में हरियाली बिछाई गई है। पीपल, बरगद, आम, नीम व अर्जुन के पौधे नजर आने लगे हैं।

अरपा अर्पण महाभियान में यह टीम बेहतर काम कर रही है पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह अच्छा कदम है। बारिश के दिनों में उन्हें एक लाख पौधे मुहैया कराने का निर्देश वन विभाग को दिया गया है। पौधे के अलावा ट्री गार्ड समेत अन्य सुविधाएँ भी दी जाएँगी। -पी दयानंद, कलेक्टर बिलासपुर

बैंक अॉफ बड़ौदा भी आया सामने

इस महाभियान से प्रभावित होकर बैंक अॉफ बड़ौदा के ब्रांच मैनेजर बजाज ने दोनों युवकों से सम्पर्क किया व सिंचाई साधन मुहैया कराने का प्रस्ताव रखा। बैंक के सौजन्य से 10 किलोमीटर के क्षेत्र में पाइप लाइन बिछाई गई है।इसी के जरिए पौधों की सिंचाई की जा रही है।

Path Alias

/articles/nadai-kainaarae-parayaavarana-bacaanae-kaa-mahaabhaiyaana-haai-arapaa-arapana

Post By: editorial
×