मुख्य सचिव 48 घंटे में हल करें सीवर व दूषित पेयजल की समस्या : आतिशी

सीवर ओवरफ्लो, दूषित जलापूर्ति और पाइपलाइन से रिसाव
सीवर ओवरफ्लो, दूषित जलापूर्ति और पाइपलाइन से रिसाव

सीवर ओवरफ्लो, दूषित जलापूर्ति और पाइपलाइन रिसाव को समस्या दूर नहीं हो रही है। परेशान लोग जल बोर्ड की हेल्पलाइन पर शिकायत कर रहे हैं, परंतु समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। जल मंत्री आतिशी ने इसे लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने मुख्य सचिव को जनता की शिकायतों का संज्ञान लेकर उसे 48 घंटे में दूर करने का निर्देश दिया है। मंत्री ने कहा, जल बोर्ड के हेल्पलाइन नंबर 1916 पर 10 हजार अधिक शिकायतों का कोई समाधान नहीं निकला है। जल बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (संईओ) को बार-बार निर्देश देने के बाद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हो रहा है। कई स्थानों पर लोग अमानवीय परिस्थितियों में रहने को मजबूर है। निर्देश के बाद भी अधिकारी साप्ताहिक निरीक्षण रिपोर्ट नहीं भेज रहे हैं। इससे लगता है कि अधिकारी ओवरफ्लो सीवर और दूषित जल आपूर्ति की समस्या दूर नहीं करना चाहते हैं। सीईओ और अधिकारियों द्वारा संज्ञान नहीं लेने के कारण अब सीधे मुख्य सचिव को जल बोर्ड की सभी शिकायतें भेजी जाएंगी।

जल मंत्री ने मुख्य सचिव को एक दिन में जनता से आई सीवर ओवरफ्लो, पाइपलाइन लीकेज से जुड़ी 80 शिकायतें मुख्य सचिव को भेजी हैं। उन्होंने जल बोर्ड से जुड़ी सभी समस्याओं का 48 घंटे में अस्थायी और एक सप्ताह में इसका स्थायी समाधान करने का निर्देश दिया। कहा कि उन्होंने कई बार सीईओ, जल बोर्ड के सदस्यों, मुख्य अभियंताओं व अन्य अधिकारियों को जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनने और प्रत्येक सोमवार को रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया है। लेकिन इसका पालन नहीं किया गया। जल मंत्री ने दिसंबर में त्रिलोकपुरी, अशोक विहार जेजे कालोनी सहित कई स्थानों का निरीक्षण किया था। गलियों में बह रहे सीवर का पानी देखकर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई थी। उन्होंने इस तरह की समस्याओं के समाधान के लिए जल बोर्ड के अधिकारियों को जनता के बीच जाने का निर्देश दिया था। जल बोर्ड ने भी अभियान चलाकर जनता की समस्याएं हल करने का दावा किया था, परंतु स्थिति में सुधार नहीं है।

स्रोत - दैनिक जागरण 

Path Alias

/articles/mukhya-sachiv-48-ghante-mein-hal-kare-sevar-va-dushit-payjal-ki-sasya-atishi

Post By: Shivendra
×