दुनियाभर में गंभीर जल संकट

नई दिल्ली, 21 मार्च । पूरी दुनिया गंभीर जल संकट से जूझ रही है। दुनिया के देशों ने अगर इसे और नजरदांज किया तो हालात बेकाबू हो जाएंगे। यह चेतावनी संयुक्त राष्ट्र ने इसी महीने जारी अपनी ‘विश्व जल विकास रिपोर्ट’ में दी है। रपट में साफ कहा गया है कि दुनिया के कई हिस्सों में पानी की गंभीर समस्या है और इसकी बर्बादी नहीं रोकी गई तो स्थिति और विकराल हो जाएगी। वर्ष 2050 तक दुनिया की आबादी नौ अरब तक पहुंच जाने का अनुमान है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने इस रिपोर्ट में कहा है कि कृषि की बढ़ती जरूरतों, अनाज पैदावार, ऊर्जा उपभोग, प्रदूषण और जल प्रबंधन की कमजोरियों की वजह से साफ पानी की उपलब्धता कम होती जा रही है।

रिपोर्ट के मुताबिक जहां तक भारत का सवाल है यहां दुनिया के मात्र चार फीसद नवीनीकरणीय जल स्रोत हैं जबकि जनसंख्या विश्व की कुल आबादी की 17 फीसद है। राष्ट्रीय जलनीति प्रारूप – 2012 के मुताबिक भारत में 4000 अरब घनमीटर (बीसीएम) वर्षा होती है। इसमें से उपयोग में लाया जाने वाला जल संसाधन लगभग 1123 बीसीएम ही है। भारत के दो तिहाई भूजल भंडार खाली हो चुके हैं और जो बचे हैं वे प्रदूषित होते जा रहे हैं। नदियों का पानी पीने लायक नहीं बचा है।

संयुक्त राष्ट्र रिपोर्ट के मुताबिक कृषि में करीब 70 फीसद जल का उपयोग होत है जिसमें से अमीर देशों में यह उपयोग 44 फीसद और अल्प विकसित देशों में 90 फीसद से ज्यादा है। देश की मौजूदा जल प्रबंधन व्यवस्था की आलोचना करते हुए मैगसेसे पुरस्कार से सम्मानित राजेंद्र सिंह कहते हैं- ‘भारत में जल प्रबंधन और संरक्षण का जो काम है वह नेताओं ठेकेदारों, अफसरों को फायदा पहुंचाने वाला है। जबकि यह समुदाय केंद्रित नहीं है।’

वे कहते हैं कि सरकारें जल की बढ़ती समस्या से वाकिफ हैं। कई अधिकारी हमारे यहां दौरे पर आते हैं और इसे अपनाने की बातें करते हैं। लेकिन वे अब भी समाज को गुमराह करने में लगे हैं। सरकारों को जल की बढ़ती किल्लत को गंभीरता से लेना होगा।

Path Alias

/articles/daunaiyaabhara-maen-ganbhaira-jala-sankata

Post By: Hindi
×