यमुना में बढ़े अमोनिया के स्तर से पानी संकट बढ़ा

अतिरिक्त पानी छोड़ने से स्थिति में सुधार


नई दिल्ली (कासं)। यमुना में अमोनिया का स्तर बढ़ने से मंगलवार सुबह दिल्ली जल बोर्ड को अपने दो प्रमुख जल शोधन संयंत्र बंद करने पड़े जिससे आधी दिल्ली में पानी संकट पैदा हो गया। यमुना में अमोनिया की मात्रा 1.2 एमजी प्रति लीटर हो गई थी, जिसके कारण संयंत्र बंद करने पड़े। संयंत्रों को बंद करने से पैदा होने वाले जल संकट से बोर्ड के होश उड़ गए।

राजधानी में पानी संकट गहराता देख हरियाणा से यमुना में अतिरिक्त पानी छोड़ने को कहा गया ताकि यमुना में मौजूद अमोनिया की मात्रा कम हो सके। हरियाणा के सिंचाई विभाग द्वारा पानी छोड़ने का आश्वासन मिलने के बाद मंगलवार शाम को दिल्ली जल बोर्ड ने बंद दोनों संयंत्रों को दोबारा शुरू कर दिया जिससे राजधानी में गहरा रहा पानी संकट संभवतः खत्म हो गया है।

हालांकि बोर्ड ने कहा है कि मंगलवार शाम को कुछ इलाकों में पानी की सप्लाई बाधित रही, लेकिन बुधवार सुबह तक दिल्ली के सभी इलाकों में पानी सप्लाई सामान्य हो जाने की उम्मीद है। हरियाणा के सिंचाई विभाग ने यमुना में अमोनिया की तय मात्रा से ज्यादा मात्रा होने की बात मानी है। उधर सोनिया विहार जल शोधन संयंत्र को मिलने वाली बिजली सप्लाई वजीराबाद स्थित सब-स्टेशन में चलने वाले मरम्मत कार्य के चलते कुछ समय तक बाधित रही जिससे इस संयंत्र से होने वाली पानी की सप्लाई सामान्य से कम रही।

Path Alias

/articles/yamaunaa-maen-badhae-amaonaiyaa-kae-satara-sae-paanai-sankata-badhaa

Post By: Hindi
Topic
×