तालाबों से बदला जीवन

धर्माराव ने बलराम व रेवासागरों का अवलोकन किया, कपिलधारा योजना के कूप भी देखे

देवास। टोंकखुर्द ब्लॉक के विभिन्न गाँवों का संभाग आयुक्त टी. धर्माराव ने शुक्रवार को भ्रमण किया। उन्होंने बलराम तालाबों तथा रेवासागरों का अवलोकन भी किया। वे इन तालाबों से इस क्षेत्र में आए बदलाव से रूबरू हुए। उन्हें किसानों ने बताया कि इन तालाबों से उनका जीवन बदल गया है। उनकी सूखी खेती पानी मिलने से अब फायदे में बदल गई है। इस दौरान कलेक्टर सचिन सिन्हा, उप संचालक कृषि वीके अग्रवाल, सहायक संचालक कृषि डॉ. मोहम्मद अब्बास भी मौजूद थे।

लहलहाती गेहूं की फसल


भ्रमण के दौरान संभाग आयुक्त ने ग्राम हरनावदा में कृषक रघुनाथसिंह तोमर के खेत में बनाए गए तालाब को देखा। करीब छह बीघा में बनाए गए इस तालाब से इस किसान की दशा बदल गई है। आज उसके खेत में लहलहाती हुई गेहूं की फसल मौजूद है। इसके बाद इसी ग्राम में कृषक बंशीलाल के खेत में बने कपिलधारा कूप का अवलोकन किया। आसपास निर्मित तालाबों से हुए रिचार्ज के कारण यह कुआँ लबालब भरा हुआ है। किसान ने अपनी आठ बीघा जमीन में शरबती गेहूं बोया है। संभागायुक्त ने निपानिया में कृषक बहादुर सिंह तथा विक्रमसिंह के खेतों में निर्मित बलराम तालाब देखे। कृषकों ने बताया कि इन तालाबों ने हमारे जीवन में संपन्नता ला दी है। पहले जहां प्रति बीघा आधा क्विंटल गेहूं का उत्पादन ले पाते थे वहीं अब करीब सात-आठ क्विंटल प्रति बीघा उत्पादन ले रहे हैं।

टोंकखुर्द में संभागयुक्त धर्माराव ने उन्नतशील कृषक महेंद्र सिंह चावड़ा के खेतों में बनाए गए बलराम तालाब एवं रेवासागरों का अवलोकन किया। इस कृषक को हाल ही में केंद्रीय कृषि मंत्री ने हार्वेस्ट ऑफ होप पुरस्कार से सम्मानित किया है।

जल संवर्धन के लिए मिलेगा राष्ट्रीय पुरस्कार


संभागायुक्त ने ग्राम धतूरिया में उत्कृष्ट जलसंवर्धन कार्यों के लिए ग्राम पंचायत को आगामी 22 मार्च को दिल्ली में प्रदान किए जाने वाले राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार के लिए पंचायत तत्कालीन सरपंच ओमप्रकाश जलोदिया को भी बधाई दी।

Path Alias

/articles/taalaabaon-sae-badalaa-jaivana

Post By: admin
×