पानी बचाइये, खुश होंगे महाकाल

भास्कर का अभियान
भास्कर का अभियान

भास्कर/ उज्जैन जिले में गहराते जलसंकट के बीच दैनिक भास्कर ने अपने सामाजिक सरोकारों के तहत जल सत्याग्रह का शुभारंभ महाकाल की पूजा के साथ किया। इस अभियान के तहत आम लोगों में जल चेतना तथा जल संरक्षण के प्रति जनजाग्रति के लिए भास्कर टीम के साथ राष्ट्रीय सेवा योजना व अन्य स्कूलों के विद्यार्थियों ने शरीर पर सिर्फ तौलिया धारणकर हाथ में जल बचाओ के संदेश लिखी तख्तियों को उठाए लोगों कों अनूठे अंदाज में जल बचाने का महासंदेश दिया। इसकी पूरे शहर में सकारात्मक प्रतिक्रिया हुई और लोगों ने स्वीकारा कि आज पानी बचाने का अभियान अत्यंत जरूरी है।

अभियान का प्रारंभ भूतभावन भगवान महाकाल की पूजा-अर्चना और जल संरक्षण पर केंद्रित भास्कर द्वारा तैयार पोस्टर के भगवान को अर्पण के साथ हुआ। साथ ही भास्कर टीम ने महाकाल मंदिर में स्थित पवित्र कोटितीर्थ का जल एक कलश में भरा और भगवान की साक्षी में उसकी पूजा-अर्चना के बाद कलश को जल संकल्प के रूप में ग्रहण किया। यह कलश उज्जैन सिटी ऑफिस में स्थापित किया गया। साथ ही भास्कर टीम और 60 से ज्यादा विद्यार्थियों ने शहर के चार प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर टावेल धारणकर मौन संदेश दिया। करीब 3 घंटे चले इस अनूठे प्रदर्शन को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने संदेश को स्वीकारा और माना कि यदि आज जल संरक्षण की चेतना नहीं जागी तो कल आम आदमी ऐसी स्थिति में होगा कि वह स्नान के लिए सिर्फ टावेल धारण कर घर से निकलेगा और पानी के लिए भटकता रहेगा। इसलिए पानी बचाना जरूरी है।

प्रदर्शन के बाद नए शहर के प्रमुख मार्गो से विद्यार्थियों की विशाल रैली जल बचाओ की प्रेरणा देते नारों के उद्घोष के साथ निकाली गई। अभियान के तहत शहर में बड़े पैमाने पर होर्डिग्स और बैनर आदि लगाए गए हैं। यह संदेश दिया गया है कि जल बचाइये, महाकाल खुश होंगे।

साभार – भास्कर

Tags - Bhaskar Campaign for water in Ujjain in hindi

 

Path Alias

/articles/paanai-bacaaiyae-khausa-haongae-mahaakaala

Post By: admin
×