नीर फाउंडेशन द्वारा विश्व पृथ्वी दिवस पर किया गया वृक्षारोपण


जल संवर्धन और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत गैर-सरकारी संस्था नीर फाउंडेशन द्वारा विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर गंगोल सरोवर पर वृक्षारोपण कराया गया। इस महत्वपूर्ण वृक्षारोपण के संबंध में जानकारी देते हुए नीर फाउंडेशन के निदेशक रमन त्यागी ने बताया कि ‘अर्थ डे‘ यानी ‘पृथ्वी दिवस’ विश्व का सबसे बड़े स्तर पर मनाया जाने वाला पर्यावरणीय दिवय है। इस दिवस के माध्यम से हम ब्रह्माण्ड में पृथ्वी के सबसे विशिष्ट स्थान को सम्मान देते हैं। हर साल 22 अप्रैल को विश्व में करीब 192 देश इस दिवस को विभिन्न क्रिया-कलापों द्वारा मनाते हैं। इस दिवस का प्रारम्भ यू0 एस0 के सीनेटर गेलोरड नेलसन द्वारा 22 अप्रैल, 1970 में की गई थी। इसके बाद 21 मार्च, 1971 में यूनाइटिड नेशन्स के सेक्रेट्री जनरल, यू थैन्ट ने इसे अन्तर्राष्ट्रीय दिवस के रूप में पहचान दी।

नीर फाउंडेशन द्वारा पृथ्वी दिवस को अर्थ डे नेटवर्क, नई दिल्ली के सहयोग से आज मनाया गया। इस अवसर पर संस्था द्वारा गंगोल सरोवर में वृक्षारोपण का कार्य किया गया। इस दौरान पिलखन, नीम व पीपल जैसी प्रजातियों के पौधे लगाए गए। गंगोल सरोवर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मंनिन्दर पाल सिंह, मेरठ-हापुड़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजेन्द्र अग्रवाल, डीएफओ मेरठ ललित वर्मा सहित सैंकड़ों लोगों ने पौधारोपण किया। इस दौरान डीएफओ मेरठ ने कहा कि आगामी वन महोत्सव पर गंगोल सरोवर पर 1000 पौधे लगाए जाएंगे इसके लिए डीएफओ ने संस्था से अति शीघ्र एक प्रोपजल तैयार करने के लिए कहा है।

जिला पंचायत अध्यक्ष मनिन्दर पाल ने कहा कि गंगोल सरोवर को उसकी खोई पहचान दिलाने के लिए जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में प्रस्ताव रखा जाएगा। इसके लिए अध्यक्ष ने नीर फाउंडेशन से प्रस्ताव मांगा है तथा कहा है कि वे बोर्ड की बैठक में गंगोल तालाब के संबंध में एक प्रजेंटेशन दें। सांसद राजेन्द्र अग्रवाल ने कहा कि गंगोल हमारी धरोहर है अतः इसको बचाने के लिए मैं अपनी ओर से पूरा प्रयास करूंगा इसके लिए चाहे मुझे अपनी निधि से ही कुछ कार्य क्यों न कराने पड़ें। उन्होंने भी नीर फाउंडेशन से कहा है कि वे शीघ्र ही बताएं कि इसमें क्या-क्या कार्य होने हैं। वृक्षारोपण के दौरान संस्था के रमन त्यागी ने सबको ‘अर्थ डे‘ यानी ‘पृथ्वी दिवस’ के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह दिन हम सभी को याद दिलाता है कि हम सभी एक ही पृथ्वी को बांटते हैं और इसीलिए इसका संरक्षण हर इंसान की जिम्मेदारी है। इस दौरान राहुल देव, गंगोल के प्रधान, पूर्व प्रधान, गंगोल के महन्त व पुजारियों सहित सैंकड़ों लोगों ने भाग लिया।

 

 

बीडीएस इंस्टीटयूट में वृक्षारोपण

नीर फाउंडेशन द्वारा बीडीएस इंस्टीटयूट में भी वृक्षारोपण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बीडीएस ग्रुप के चैयरमैन धर्मेन्द्र शर्मा व उनकी फैकल्टी द्वारा विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए गए। इस दौरान धर्मेन्द्र शर्मा ने कहा कि पृथ्वी दिवस के मौके पर जहां सम्पूर्ण विश्व पृथ्वी को बचाने के लिए प्रयासरत है ऐसे में हमें भी इस कार्य में ईमानदारी के साथ जुट जाना चाहिए। तभी संभव है कि हम अपनी पृथ्वी को बचा पाएं। रमन त्यागी ने कहा कि स्कूल और इंस्टीटयूट व अन्य शिक्षण संस्थाएं ऐसे अभियानों को सफल बनाने में सर्वाधिक महत्वपूर्ण भूमिका रखते हैं अतः इसीलिए हम लगातार इन संस्थानों के साथ मिलकर ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं जो कि सफल भी हो रहे हैं।

इसके अतिरिक्त संस्था द्वारा अर्थ डे नेटवर्क के साथ मिलकर मेरठ के दस स्कूलों में पृथ्वी को बचाने के लिए वहां के बच्चों से शपथ पत्र भरवाएं हैं। शपथ पत्र भरवाने का यह अभियान सम्पूर्ण विश्व में संचालित किया जा रहा है।

 

 

 

 

Path Alias

/articles/naira-phaaundaesana-davaaraa-vaisava-parthavai-daivasa-para-kaiyaa-gayaa-varkasaaraopana

Post By: ramantyagi
×