पॉलिथिन उठाने को उठे हजारों हाथ

कल्पतरू समाचार सेवा

 

मथुरा । ‘एक दो एक दो, पॉलीथिन को फेंक दो, पॉलीथिन हटाओ, ब्रज बचाओ’ जन जागरूकता रैली अमिट छाप छोड़ गई। हजारों की संख्या में नारे लगाते हर आयु वर्ग के लोगों ने दमदार अपील की। प्रशासनिक अफसरों से लेकर कर्मचारी, समाजसेवी, कारोबारी, बच्चे, बड़े और महिलाओं में पॉलीथिन नाम की बीमारी को मिटाने का जोश था।


जोश से लबरेज रैली शहर के जिन रास्तों से गुजरी वहां का नजारा देखने दिखाने लायक था। अनूठे अंदाज में छोटे बच्चों ने लोगों को गुदगुदाया, तो बड़ों ने पॉलीथिन का प्रयोग न करने को लेकर लोगों को समझाया। रैली में शुमार लोगों ने शहर की सड़कों पर कदम ताल क्या शुरू किया कि समूचा शहर जाम हो गया। कई किलोमीटर लम्बी लाइन लग गई। वाहनों की आवाजाही अपने आप थम गई। हर कोई रैली में शामिल आमो खास लोगों की तादात को देख अचंभित था। पॉलीथिन को लेकर रोक की अपील को लेकर सभी गंभीर दिखे।

 

सुबह 11 बजते ही जुबली पॉर्क से रैली ने होलीगेट की ओर बढ़ना शुरू किया ही कि होलीगेट की ओर आने वाले सभी रास्तों पर जाम लग गया। लोगों को विभिन्न नाकों पर पुलिस ने रोकने के इंतजमा कर रखे थे लेकिन अपने-अपने काम के लिए शहर से गुजरना लोगों की मजबूरी थी। यह मजबूरी इतनी भारी पड़ी कि करीब एक से डेढ़ घण्टे तक लोगों को जाम में फंसा रहना पड़ा।


रैली को जिलाधिकारी राजेश कुमार ने भगत सिंह पार्क से सोमवार को एक संकल्प के साथ रवाना किया। इस दौरान रैली में शामिल सभी लोगों ने शपथ ली कि ‘‘हम संकल्प लेते हैं कि आज से हम पॉलीथिन का प्रयोग नहीं करेंगे। घर हो या बाजार, दफ्तर हो या धार्मिक अनुष्ठान, किसी भी रूप में पॉलीथिन का प्रयोग नहीं करेंगे। कान्हा की गायों की रक्षा करेंगे। यमुना शुद्धीकरण अभियान में सहभागिता करेंगे। पॉलीथिन के बहिष्कार के लिये जन जागरण जैसे महायज्ञ में अपनी भागीदारी कर आहूति देंगे’’। डीएम ने यह संकल्प दिला कर रैली को रवाना किया।


उन्होंने जनपद के डिग्री कॉलेज, इण्टर कॉलेज के छात्र-छात्रओं, कर्मचारी संघ, लेखपाल संघ, पुलिस प्रशासन, यमुना मुक्ति अभियान, यमुना शुद्धि संगठन, एनसीसी, नागरिक सुरक्षा संगठन के सभी स्वयं सेवक, नगर पालिका परिषद् मथुरा, स्काउट, छावनी परिषद्, ब्रज चिकित्सा संस्थान, नर्सिंग एसोसिएशन, गायत्री परिवार, डूडा, होटल एसोसिएशन, लोक कला संगठन, बांके बिहारी मंदिर, मान मंदिर बरसाना, प्रेम मंदिर वृन्दावन, कृष्ण जन्मभूमि मथुरा, व्यापारी संगठन तथा रैली में उपस्थित सभी जनपदीय सम्बन्धित अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि पॉलीथिन का प्रयोग कैन्सर जैसी भयानक बीमारी को जन्म देता है। पॉलीथिन से नालियां चौक होने के कारण गन्दगी फैलने की सम्भावना रहती है जिससे अनेक बीमारियां होने का खतरा रहता है। मथुरा श्री कृष्ण की जन्मभूमि है। इससे कृष्ण की प्रिय गऊ मातायें तथा अन्य जीवों को पॉलीथिन के कारण उनकी मृत्यु होने का डर रहता है।

 

घरों में थैला बनाना पुराने दिनों की बात हो गई है। सस्ती पॉलीथिन ने हाथ में थैला लेकर निकलने की आदत ही खत्म कर दी है। हर चीज पॉलीथिन में पैक मिलती है। नहीं मिलती तो हर तरह के सामान को रखने के लिए पॉलीथिन बाजार में बिकती हैं। शहर में पॉलीथिन रोकने को शुरू हुए अभियान के बाद कुछ लोग घरों में पुराने कपड़ों के थैले बनाने की फरमाइश अपनी बेटी या बहुओं से करने लगे हैं। बात ठीक भी है। यदि अभियान के दौरान थैली में सामान ले जाते पकड़े गए तो भारी भरकम जुर्माना देना पड़ेगा।


डीएम ने सभी छात्र-छात्रओं से कहा कि वे अपने परिवार में पॉलीथिन का प्रयोग नहीं होने देगें इस बात का संकल्प लें तभी यह अभियान सफल होगा। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजिल सैनी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व धीरेन्द्र सिंह सचान, अपर जिलाधिकारी कानून व्यवस्था सुरेन्द्र कुमार शर्मा, नगर मजिस्ट्रेट हेम सिंह, उप जिलाधिकारी सदर राजेश कुमार, कलक्ट्रेट कर्मचारी संघ एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।


डीएम के साथ पॉलीथिन बहिष्कार करने का संकल्प लेते शहर के संभ्रांत नागरिक।

पॉलीथिन हटाने का संकल्प दिलाते डीएम राजेश कुमार, एसएसपी मंजिल सैनी, सिटी मजिस्ट्रेट हेम सिंह, सपा नेता डॉ.अशोक अग्रवाल और मुकेश सिंह सिकरवार।

 

साभार : कल्पतरू एक्सप्रेस 17 दिसम्बर 2014

Path Alias

/articles/paolaithaina-uthaanae-kao-uthae-hajaaraon-haatha

Post By: iwpsuperadmin
×