कचरे पर बारिश ‘दलदल’ बनी दिल्ली

पूर्वी दिल्ली, 30 मार्च (ब्यूरो): सफाई कर्मचारियों ने प्रदर्शन के दौरान चक्का जाम करते हुए पूर्वी दिल्ली के सभी बड़े चौराहों पर कूड़े के ढेर लगा कर जाम लगा दिया। एनएच-24, विकास मार्ग, स्वामी दयानन्द मार्ग, जीटी रोड सहित सभी रास्तों पर जाम लग गया। प्रदर्शन खत्म हो जाने के बाद भी चौराहों पर पड़े कूड़े के ढेर के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। चौराहे पर कूड़ा पड़े होने की वजह से बहुत से दुपहिया चालक फिसल कर गिर गए व उन्हें चोटें भी आई।

 

पूर्वी दिल्ली की सफाई व्यवस्था पिछले 7 दिनो से बदहाल है। पूर्वी दिल्ली के चौराहों पर लगे कूड़े के ढेर महामारी का कारण बन सकते हैं। जहाँ एक ओर सफाई कर्मचारियों ने सड़कों पर कूड़े के ढेर लगा दिए हैं वहीं दिल्ली में हुई बरसात ने मानों कोढ़ में खाज का काम किया है। चौराहों पर लगे कूड़े के ढेर पर बारिश की बूँदें गिरने के कारण कूड़े के ढेर सड़ने लगे हैं, सड़ांध से लोगों का वहाँ से निकलना मुश्किल हो गया है।

 

ये बीमारियाँ फैल सकती हैं

 

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से राजधानी में संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है। बरसात के बीच जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर दिल्लीवासियों को गम्भीर रूप से बीमार कर सकते हैं। निगम के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल ने दिल्ली को कूड़े के ढेर तले दबा दिया है। यहाँ रोजाना 7 हजार मीट्रिक टन से अधिक कूड़ा निकलता है। वेतन नहीं मिलने से नाराज सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से दिल्ली में कूड़ा ही नहीं, महामारी फैलने का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। डॉक्टरों की मानें तो बारिश से मच्छर बढ़ते हैं और मच्छर से मलेरिया, डायरिया, कालरा एवं टायफायड के अलावा अन्य गम्भीर तरह के संक्रमण फैलने का अंदेशा बढ़ गया है। हड़ताल की वजह से अस्पतालों से निकलने वाले तमाम संक्रमित कूड़े का भी निस्तारण नहीं होने की वजह से आने वाले दिनों में स्थिति भयावह हो सकती है। इण्डियन मैडीकल एसोसिएशन (आईएमए) के मुताबिक अगर जल्द स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो स्थिति स्वाइन फ्लू से भी खतरनाक हो सकती है।

 

साभार : नवोदय टाइम्स 31 मार्च 2015

फोटो साभार : एनडीटीवी डॉट कॉम

Path Alias

/articles/kacarae-para-baaraisa-daladala-banai-dailalai

Post By: iwpsuperadmin
×