गन्दगी से बीमारियों का खतरा बढ़ा

डेली न्यूज़ नेटवर्क लखनऊ। एक ओर जहाँ शहरवासी भूकम्प के झटकों से डरे हुए हैं वहीं ऐशबाग स्थित बक्कल मिल कॉलोनी के लोगों को गन्दगी सता रही है। यहाँ बीमारी का डर भूकम्प से नहीं बल्कि क्षेत्र में फैली गन्दगी से है। यहाँ गन्दगी के अम्बार के चलते महिलाएँ और बच्चे बीमार हो रहे हैं। दर्जनों मलेरिया, डायरिया जैसी गम्भीर बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। हर रोज बुखार, उल्टी और खासी के मरीज बढ़ते जा रहे हैं।

 

सीवर लाइन न होने से नालियाँ बजबजा रही हैं। नालियों में कई दिनों का खाना सड़ रहा है जिसके चलते बदबू और गन्दगी से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। इसकी शिकायत स्थानीय लोगों ने नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग से की है। पार्षद को भी इसकी जानकारी दी गई लेकिन उसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। मजबूरी में लोग छोटे-छोटे बच्चों के साथ घर छोड़ कर दिन भर एक स्कूल के कैम्पस में शरण लेने को मजबूर हैं।

 

सफाई न होने से बीमार हो रहीं महिलाएं व बच्चे

 

ऐशबाग के राम लीला मैदान में सार्वजनिक शादी समारोह का आयोजन किया जाता है। मैदान में बनाए गए सेंटर में शादी का खाना भी बनाया जाता है। शादी समारोह से निकलने वाला कूड़ा और बचा हुआ खाना दीवार से सटी नालियों में फेंक दिया जाता है। आलम यह है कि पिछले कई दिनों से खाना और कूड़ा दीवार से सटी नालियों में सड़ रहा है। यहीं दीवार के पीछे स्थित बक्कल मिल कॉलोनी है जहाँ सैकड़ों लोगों का परिवार रहता है।

 

 

दीवारों के जरिए घरों में जा रहा गन्दा पानी

 

गन्दगी के बीच रह रहे ऐशबाग के बक्कल मिल वासी

 

दीवार के किनारे नाली तो बना दी गई, लेकिन उनकी निकासी न होने से निकलने वाला पानी दीवार को भेद कर दूसरी तरफ रिस रहा है। गन्दा और बदबूदार पानी लोगों के घरों में जा रहा है। गन्दगी लोगों के घरों और किचन में भी पहुँच रही है। जिसके चलते लोगों का साँस लेना तक मुश्किल हो गया है। यही नहीं पानी के रिसाव के चलते दीवार पूरी तरह जर्जर हो चुकी है और कभी भी दीवार के ढहने की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय नागरिक मो. यासीन ने बताया कि बड़े रामलीला मैदान की पिछली दीवार से पानी रिसने के कारण जल भराव की स्थिति बन गई है। जिससे गन्दगी और मच्छर पनप रहे हैं। गन्दगी के चलते लोग बीमार हो रहे हैं। अन्जू सोनी ने बताया कि गन्दगी के चलते घर में रहना मुश्किल हो गया है। बच्चे गन्दगी के चलते बीमार हो रहे हैं। हमारा खाना खाना तक मुश्किल हो गया है। यहाँ महामारी जैसी हालत हो गई है। शोभा कश्यप के अनुसार आम आदमी की कोई सुनने वाला ही नहीं है। हम लोग पिछले कई दिनों से गन्दगी के बीच रहने को मजबूर हैं। लेकिन कोई झाँकने तक नहीं आया है।

 

गन्दगी को लेकर कई बार राम लीला समिति के लोगों से कहा गया है। राम लीला मैदान के पीछे की दीवार में कूड़ा जाम होने से बक्कल मिल में रहने वालों को परेशानी होती है। इस सम्बन्ध में नगर निगम से सफाई के लिए कहा जाएगा - नरेन्द्र कुमार शर्मा, पार्षद, तिलक नगर वार्ड।

 

साभार : डेली न्यूज ऐक्टिविस्ट 27 मार्च 2015

Path Alias

/articles/ganadagai-sae-baimaaraiyaon-kaa-khataraa-badhaa

Post By: iwpsuperadmin
×