डिपो पर 8 घंटे नहीं डाल सकेंगे कचरा

जयपुर सड़कों पर फैले कचरे को लेकर मुख्यमन्त्री की सख्ती के बाद नगर निगम नई व्यवस्था लागू करने जा रहा है। कचरा डिपो पर दोपहर 12 से रात 8 बजे तक कचरा डालने पर रोक रहेगी। इसके लिए पहले शहरवासियों को जागरुक किया जाएगा। फिर भी कचरा डालने पर जुर्माना वसूलने की प्रक्रिया शुरू होगी।

 

बताया जा रहा है कि शुरुआत चारदीवारी व आस-पास के इलाके से होगी। इसके लिए आमेर रोड, सुभाष चौक, हवामहल रोड, जौहरी बाजार, त्रिपोलिया बाजार व चौड़ा रास्ता को चिन्हित किया गया है। इन इलाकों के मुख्य हिस्सों में रखे डिपो से कचरा उठने के बाद लोग कचरा नहीं डाल सकेंगे।

 

गलियों के कचरा डिपो होंगे खत्म

 

इस रूट से जुड़ी अन्दरुनी गलियों में रखे कचरा डिपो की निर्धारित जगह खत्म होगी। यह डिपो मुख्य सड़क पर शिफ्ट होंगे। नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक गलियों में कचरा डिपो पर दिनभर कचरा डाला जा रहा है। कई गलियाँ ऐसी हैं कि वहाँ तक कचरा परिवहन वाहन ले जाना ही चुनौती से कम नहीं है। यही कारण है कचरा डिपो मुख्य सड़क पर शिफ्ट किए जा रहे हैं।

 

अभी यह हाल


अभी शहर के कचरा डिपो से कचरा परिवहन का समय दोपहर एक बजे तक है। कचरा परिवहन का समय निर्धारित होने के बावजूद डिपो पर लगातार कचरा डाला जा रहा है। इससे कचरा पात्र व सड़क पर कचरे का ढेर होने से बिमारियाँ फैलने की आशंका रहती है।

 

यूँ होगा काम

1. गलियों के कचरा डिपो मुख्य सड़क पर शिफ्ट होंगे।

2. यहाँ सूचना पट्टिका के जरिए दोपहर 12 से रात 8 बजे तक कचरा नहीं डालने की जानकारी देंगे।

3. इस तय समय पर कचरा डिपो पर ही बीट (सफाई) कर्मचारियों की मौजूदगी सुनिश्चित होगी, जिससे लोगों को कचरा डालने से रोका जा सके। रात 8 बजे के बाद ही कचरा लाने के लिए जागरुक करेंगे। मोबाइल वैन चलाई जाएगी। कचरा डिपो या सड़क क्षेत्र से लगातार कचरा उठाया जाता रहेगा।


शहर के कचरा डिपो पर लगातार कचरा डाला जा रहा है। इससे सड़क पर भी कचरा फैला रहता है। ऐसी स्थिति को दूर करने के लिए यह व्यवस्था लागू की जा रही है। लोगों को जागरुक करेंगे। इसके लिए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए जा रहे है- निर्मल नाहटा, महापौर


साभार : राजस्थान पत्रिका 30 जनवरी 2015

Path Alias

/articles/daipao-para-8-ghantae-nahain-daala-sakaengae-kacaraa

Post By: iwpsuperadmin
×