छत्तीसगढ़ के संगीत से बनेगा भारत स्वच्छ

रायपुर, एजेंसी। प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान में छत्तीसगढ़ के शब्द, सुर, लय और ताल ने अपना स्थान बनाया है।

भारत सरकार एक ऐसा अभियान चलाने जा रही है, जो गानों के जरिए स्वच्छता लाने की अपील करेगा और साथ ही लोगों को जागरूक भी करेगा। इस अभियान के लिए कुल सात गाने चुने गए हैं जिनमें से चार गाने छत्तीसगढ़ के युवाओं के हैं। छत्तीसगढ़ के रायपुरियन्स ऋषिराज पाण्डे, सागर बोस और अंकित मर्शकोले ने स्वच्छता पर गाने लिखे, कम्पोज किए और खुद गाए हैं। अभियान में ये अनजान नाम कैलाश खेर और प्रसून जोशी जैसे नामों के साथ नजर आएंगे। अंकित और ऋषिराज रायपुर के कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय में बीजेएमसी फोर्थ सेमेस्टर के छात्र हैं, जबकि सागर म्यूजिक में ग्रेजुएशन की तैयारी कर रहे हैं। इन्होंने विधानसभा चुनावों के दौरान मतदाता जागरूकता के गीत भी लिखे थे और इन्हें सोशल मीडिया के जरिए लोगों तक पहुँचाया था। ये लोकल रेडियो चैनल्स में खूब चले थे, और अब ये युवा देशभर में छत्तीसगढ़ का नाम रौशन करते हुए भारत को स्वच्छ बनाने में अपना योगदान देंगे। मन्त्रालय की वेबसाइट में इनके गाने अपलोड कर दिए गए हैं। जल्द ये गाने फेसबुक और यू-ट्यूब सहित अन्य सोशल मीडिया पर भी प्रमोट किए जाएंगे।

गौरतलब है कि भारत सरकार का पेजयल और स्वच्छता मन्त्रालय स्वच्छता अभियान चला रहा है। अंकित और ऋषिराज इस अभियान से जुड़ना चाहते थे। इन लोगों ने गाने तैयार किए, कम्पोज किया, गाया और उसे सुनाने के लिए सीधे दिल्ली पहुँच गए। दिल्ली में उन्होंने प्रोजेक्ट की इन्चार्ज आइएएस विजयलक्ष्मी से मुलाकात की और अपनी मंशा बताई। विजयलक्ष्मी ने इनके गाने सुने और इसके बाद तय किया गया कि इन गानों को राष्ट्रव्यापी अभियान में शामिल किया जाएगा।

इससे पहले प्रसून जोशी का लिखा और कैलाश खेर का गाया गीत इस अभियान के लिए चयनित किया जा चुका था। अब इनके गानों के साथ अंकित-ऋषिराज के गाने भी अभियान में जुड़ गए हैं। ऋषिराज के पिता राजकरण पाण्डेय और अंकित के पिता सुरेश मर्शकोले दोनों रायपुर में पुलिस विभाग में पदस्थ हैं। सागर के पिता सुबोध कटियार कारोबारी हैं।

इन युवाओं ने एक गाने को चार अलग-अलग भाषा में तैयार किया है। बोल एक ही हैं। हिन्दी गाना तैयार करने के बाद इन्होंने परिचितों से बंगाली, गुजराती और मराठी में उनका अनुवाद करवाया। ऋषिराज और अंकित से एक पत्र पर हस्ताक्षर करवाए गए हैं। इसमें ये लिखा है कि उनके बनाए गाने स्वच्छ भारत अभियान के लिए उपयोग किए जाएंगे। गानों को कॉपीराइट नहीं किया जा सकेगा। इस अभियान में प्रसून जोशी का लिखा गाना भी सुनाई देगा। जोशी के लिखे स्वच्छ भारत को आवाज दी है पाश्र्व गायक कैलाश खेर ने। इसके अलावा आभाष जोशी और आकाशदीप नाम के दो और युवा संगीतकारों का गीत अभियान के लिए चुना गया है।

साभार : कल्पतरू एक्सप्रेस 14 मार्च 2015

Path Alias

/articles/chatataisagadha-kae-sangaita-sae-banaegaa-bhaarata-savacacha

Post By: iwpsuperadmin
×