कूड़ा प्रबन्धन परियोजना देखने आई केन्द्रीय टीम

कल्पतरु समाचार सेवा

वृन्दावन। सचिवालय प्रशिक्षण एवं प्रबन्ध संस्थान नई दिल्ली के तत्वावधान में 30 सदस्यीय टीम ने श्रीमती सविता सेन के नेतृत्व में मथुरा मार्ग स्थित फ्रेंडस ऑफ वृन्दावन द्वारा संचालित वृन्दावन कूड़ा प्रबन्धन परियोजना का निरीक्षण किया।

फ्रेंडस ऑफ वृन्दावन के निदेशक जगन्नाथ पोद्दार ने परियोजना पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वृन्दावन के विभिन्न मन्दिरों से फूल माला एकत्रित करके उनसे खाद बनायी जाती है। उन्होंने टीम के सदस्यों को केंचुओं द्वारा खाद बनाने की प्रक्रिया के बारे में विस्तृत रूप से समझाया। साथ ही संस्था द्वारा संचालित कागज पुन: चक्रीकरण करने के कार्यक्रम का भी निरीक्षण कराया। टीम ने पेपर री-साइक्लिंग प्लांट में कार्यरत महिलाओं से हस्त निर्मित कागज बनाने के गुर सीखे। टीम ने आश्वासन दिया कि संस्था द्वारा बनाये गये कागज के सामानों की बिक्री विभिन्न मन्त्रालयों एवं सरकारी कार्यालयों में करवाएंगे।

केन्द्र सरकार के इन कर्मचारियों ने पॉलीथिन से बनाये जा रहे डलिया, कण्डिया बनाने के तरीके को गहराई से समझा। समाजसेवी मधुमंगल शुक्ला ने अधिकारियों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य करें। इससे पूर्व टीम ने अक्षय पात्र में मिड डे मील का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर सत्यव्रत पाढ़ी, रेवती के, अंकुश शर्मा, विद्या भूषण दुबे आदि उपस्थित थे।

साभार : कल्पतरु एक्सप्रेस 20 मार्च 2015

Path Alias

/articles/kauudaa-parabanadhana-paraiyaojanaa-daekhanae-ai-kaenadaraiya-taima

Post By: iwpsuperadmin
Topic
×